कल 23 जून को सीकर जिले की ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित होंगे
सीकर, 22 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत 23 जून को सीकर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने बताया कि 23 जून को पिपराली पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सिहांसन, दांतारामगढ़ की पचार, सामेर, धोद की पेवा, बाडलवास, सिहोट छोटी, नेछवा की नेछवा, खण्डेला की कैरपुरा, ढाणी गुमानसिंह, लक्ष्मणगढ़ की बीदासर, नीमकाथाना की पीथमपुरी, पाटन, रामगढ़ शेखावाटी की दाडुन्दा, श्रीमाधोपुर की अणतपुरा ग्राम पंचायतों के भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्रों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।इन शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करेंगे। साथ ही पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ, आवश्यक प्रमाण-पत्र, स्वीकृतियां एवं अन्य सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।