सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें – एडीएम रतन कुमारजिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
*सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें – एडीएम रतन कुमार**जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित*सीकर, 22 जून। अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के प्रमुख सड़क मार्गों की सड़क सुरक्षा ऑडिट, ब्लैक स्पॉट्स, आई-रेड ऐप पर दुर्घटनाओं की प्रविष्टि, अवैध कटों को बंद करने, सड़क किनारे अस्थायी अतिक्रमण हटाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियां संचालित की जाएं तथा ट्रक ऑपरेटरों को प्रशिक्षण देकर यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाया जाए। उन्होंने वाहन चालकों के आई-विजन परीक्षण के लिए चिकित्सा विभाग द्वारा विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।बैठक में लक्ष्मणगढ़–फतेहपुर सड़क मार्ग के घुमावदार स्थलों पर साइन बोर्ड एवं रबर स्ट्रिप लगाने, लक्ष्मणगढ़ पुलिया के आसपास अनाधिकृत अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस एवं वन विभाग को संयुक्त कार्रवाई करने तथा मोदी कॉलेज से लक्ष्मणगढ़ पुलिया तक रेलिंग लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 16 डिवाइडर कट बंद कराने, पिपराली चौराहे के निकट सरस बूथ को हटाने तथा पिपराली रोड पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक लाइट स्थापित कराने के निर्देश भी दिए गए।अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने कृषि उपज मंडी में शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक एक प्रवेश द्वार खुला रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए चार अतिरिक्त गार्ड तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट स्थलों पर आवश्यक साइन बोर्ड लगाने, सड़क के दोनों ओर वर्षा से हुए कटाव की मरम्मत कराने तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।बैठक में यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़, जिला परिवहन अधिकारी ताराचंद बंजारा, ट्रैफिक डीएसपी पूनम बरगड़, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा, अधिशाषी अभियंता अनीता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।